गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बाढ़ का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ रहा है। लोनी इलाके में बाढ़ का प्रकोप सबसे अधिक लोगों को झेलना पड़ रहा है। हथिनी कुंड बैराज से 3.21 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से यमुना नदी के किनारे खादर क्षेत्र के खेतों और बदरपुर के डूब क्षेत्र में बने घरों तक पानी पहुंच गया है। एनडीआरएफ की टीम ने बदरपुर इलाके से 40 परिवारों को रेस्क्यू किया। वहीं, घरों में पानी घुसने के बाद लोग सुरक्षित स्थानों की तरफ शरण लेते जाते दिखे। एक व्यक्ति के सिर पर चारपाई डालकर पानी में जाते देखा गया। गाजियाबाद जिला प्रशासन की ओर से 12 शरण स्थलों का निर्माण कर मेडिकल और खाने की व्यवस्था की गई है। लोनी में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंचने से स्थिति गंभीर होती दिख रही है।