न्यूज़ समय तक
सतर्कता से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार, बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति जागरूक रहें नागरिक : प्रवीण कुमार सिंह
केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित, एएसपी और सीओ ने किया जागरूक
बागपत, 31 अक्टूबर 2026 — सतर्कता केवल भ्रष्टाचार रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के व्यवहार, कार्यप्रणाली और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा होनी चाहिए। बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर अपराध और व्यवस्थाओं के दुरुपयोग के प्रति जागरूक रहकर ही एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। यह संदेश शनिवार को केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय बागपत में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान और क्षेत्राधिकारी बागपत सुकन्या शर्मा ने दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने केनरा बैंक के संस्थापक अम्मेम्बल सुब्बा राव पाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर केनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मिन्हाजुल कमर सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सतर्कता जागरूकता के महत्व, ईमानदारी आधारित कार्यसंस्कृति और नागरिकों की सामाजिक जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि सतर्कता जागरूकता का उद्देश्य केवल किसी अनियमितता की पहचान करना नहीं, बल्कि ऐसी परिस्थितियों को उत्पन्न होने से रोकना भी है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार अथवा अनैतिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर जिम्मेदारी के साथ उचित माध्यम से इसकी सूचना देनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बैंकिंग और साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन के बढ़ते दौर में अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने और फर्जी बैंकिंग संदेशों के प्रति सावधान रहना बेहद जरूरी है। जागरूक नागरिक ही स्वयं के साथ समाज को भी सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
क्षेत्राधिकारी बागपत सुकन्या शर्मा ने कहा कि सतर्कता एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही की व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर ईमानदारी का परिचय देना होगा। संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते समय उनके साथ जुड़े दायित्वों को भी समझना आवश्यक है। व्यवस्थाओं के प्रति जागरूकता, नियमों का पालन और किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव अथवा प्रलोभन से दूर रहना सतर्क समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि जब नागरिक जागरूक होंगे तो अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
केनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मिन्हाजुल कमर ने कार्यक्रम में सतर्कता जागरूकता अभियान की रूपरेखा और बैंक की ओर से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसकी केंद्रीय थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है जो विकसित भारत के विजन से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि केनरा बैंक ने नोडल बैंक के रूप में देशभर में 17 अगस्त से 16 नवंबर तक तीन माह के व्यापक सतर्कता जागरूकता अभियान का संचालन किया है। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि सतर्कता का संदेश केवल कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों, शिक्षण संस्थानों, प्रशिक्षण केंद्रों और आमजन तक पहुंचे। इसके लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
वहीं सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत सुबह केनरा बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वॉकथॉन का आयोजन किया। वॉकथॉन वंदना चौक से प्रारंभ होकर बागपत शुगर मिल तक पहुंची। इसमें बैंककर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आमजन को ईमानदारी, पारदर्शिता और सतर्कता के प्रति जागरूक किया। इस गतिविधि का उद्देश्य सतर्कता के संदेश को कार्यालयों से बाहर निकालकर आम नागरिकों तक पहुंचाना रहा।
केनरा बैंक की ओर से अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों और विभिन्न संस्थानों तक पहुंचाने के लिए भी शुक्रवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत सुभानपुर, अमीनगर सराय, पलड़ी और फतेहपुर पुट्ठी में लोगों को सतर्कता जागरूकता का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने, धोखाधड़ी से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, बागपत स्थित आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 55 नए प्रशिक्षुओं को सतर्कता जागरूकता के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी, पारदर्शिता और वित्तीय जागरूकता के महत्व से अवगत कराया गया। क्रिस्तु ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में भी सतर्कता विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से ईमानदारी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश दिया।
केनरा बैंक के मंडल प्रबंधक अरशद हुसैन एवं शीतांशु तिवारी ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जनपद की सभी शाखाओं में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेनदेन में सावधानी, गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करने और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। बैंक का उद्देश्य ग्राहकों में विश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें बैंकिंग व्यवस्था के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है।



