मिसाइल मैन की जयंती पर पूर्व सैनिकों ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
श्रीराम अग्निहोत्री न्यूज़ समय तक ब्यूरो चीफ फतेहपुर
फतेहपुर छिवलहा/हथगाम, पूर्व राष्ट्रपति, मिसाइल मैन डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर शनिवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर चोराई के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ कलाम साहब की जयंती राजकीय विद्यालय अकबरपुर चोराई के कलाम वाटिका में मनाई गई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों की उपस्थिति में डॉ कलाम साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और अपने संबोधन में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद द्विवेदी ने कहा कि हमें ऐसे महान वैज्ञानिक और महान पुरुषों से प्रेरणा लेनी चाहिए। जो अपनी शिक्षा के बल पर बड़े वैज्ञानिक बने। ये देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी कामयाबी का डंका बजाकर मिसाइल मैन के नाम से जाने गए। इस अवसर पर सूबेदार राम शरण अवस्थी ने कहा कि अब्दुल कलाम हमारे आदर्श हैं। वह प्रत्येक भारतवासी के प्रेरणास्त्रोत हैं। भारत को परमाणु शक्ति बनाने में उनका विशेष योगदान है। शिक्षक राजेश मौर्य जी ने कहा कि डा. कलाम का जीवन अत्यंत सादगीपूर्ण था। वह उत्कृष्ट कोटि के लेखक और विचारक थे। विद्यालय के बच्चों ने कलाम साहब के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई। विद्यालय के शिक्षक अवध किशोर, आवास कुमार, मनीष सिंह एवं विपिन श्रीवास्तव ने भी बच्चों को संबोधित किया। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष श्री राम शरण अवस्थी जी ने विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शिक्षण सामग्री देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मोहम्मद खतीब, राजेंद्र पाण्डेय, अभय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।